मोती वेदों के लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
मोती वेदों के लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 5 सितंबर 2026

वेद वाणी: विश्वेभिः सखिभिः सह”:- परस्पर सहयोग का यज्ञ



वेद और गीता का संदेश अत्यंत व्यापक और उदात्त है, सम्पूर्ण विश्व हमारा मित्र और हमारा परिवार है। अथर्ववेद के ऋषि कहते हैं, “विश्वेभिः सखिभिः सह”, अर्थात् सबके साथ मैत्रीभाव और सहयोग की भावना से जीवन जीना चाहिए। मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है। वह केवल अपने लिए नहीं जीता; बल्कि दूसरों की सहायता करता है, आवश्यकता पड़ने पर दूसरों से सहायता लेता है और परस्पर सहयोग की भावना से अपने जीवन को अधिक समृद्ध, सार्थक और सुखमय बनाता है। यही भाव भगवद्गीता में भी व्यक्त हुआ है:

देवान्भावयतानेन ते देवा भावयन्तु वः।

परस्परं भावयन्तः श्रेयः परमवाप्स्यथ ॥   

 

अर्थात्  यज्ञ द्वारा देवताओं को प्रसन्न करो, और वे देवता भी तुम्हें सुख-समृद्धि प्रदान करेंगे। इस प्रकार परस्पर सहयोग करते हुए तुम परम कल्याण को प्राप्त करोगे।

 

यहाँ यज्ञ का अर्थ केवल हवन-कुण्ड में आहुति देना नहीं है, बल्कि मनुष्य द्वारा जीवन-यापन के लिए किया गया प्रत्येक कर्म है। यह सहयोग केवल मनुष्यों तक सीमित नहीं, बल्कि अग्नि, वायु, जल, पृथ्वी और आकाश जैसे पंच तत्त्वों के साथ संतुलन बनाए रखते हुए कर्म करना ही सच्चा धर्म है। जब मनुष्य प्रकृति से लेता है, तो उसे उतना ही लौटाना भी चाहिए। यही संतुलन यज्ञ की मूल भावना है।

 

जल इसका उत्तम उदाहरण है। हम पीने और खेती के लिए भूजल का उपयोग करते हैं। ट्यूबवेल से जब हम धरती से जल खींचते हैं, तो हमारा कर्तव्य है कि उतना ही जल पुनः धरती को लौटाएँ। इसके लिए गाँवों में तालाब, बावड़ी या आधुनिक भाषा में ‘रेन हार्वेस्टिंग सिस्टम’ बनाना आवश्यक है। यही नियम शहरों पर भी लागू होता है, हर घर और सोसाइटी में वर्षा जल संचयन की व्यवस्था होनी चाहिए। तभी प्रकृति का संतुलन बना रहेगा और हमें पीने व खेती के लिए पर्याप्त जल मिलता रहेगा। यही मनुष्य का प्रकृति के साथ सच्चा यज्ञ है।

 

जिस प्रकार जल के साथ संतुलन आवश्यक है, उसी प्रकार वायु, अग्नि और भूमि के साथ भी संतुलन बनाए रखना मनुष्य का कर्तव्य है। वृक्षारोपण द्वारा वायु शुद्ध रखना, ऊर्जा का विवेकपूर्ण उपयोग करना, तथा भूमि की उर्वरता बनाए रखना,  सभी प्रप्राणियों की रक्षा करना, ये सभी यज्ञ के ही रूप हैं। मनुष्य जितना प्रकृति से लेता है, उतना ही उसे लौटाना चाहिए। यही परस्पर सहयोग का व्यावहारिक स्वरूप है।

 

सार: वेद और गीता दोनों सिखाते हैं कि मनुष्य अकेला नहीं जी सकता, न समाज में, न प्रकृति के साथ। यज्ञ अर्थात कर्म का सच्चा अर्थ है हम जो कुछ प्रकृति और समाज से लेते हैं, उसे उतनी ही निष्ठा से लौटाना। इसी संतुलित कर्म-यज्ञ से देवता प्रसन्न होते हैं, प्रकृति सुरक्षित रहती है, और मनुष्य स्वस्थ दीर्घ जीवन जीते हुए अंततः मोक्ष   को प्राप्त करता है। इसलिए वेद जड़ चेतन और प्रकृति समस्त विश्व को सखा बनाने का उपदेश देते हैं। 

शुक्रवार, 24 जुलाई 2026

इन्द्र श्रेष्ठानि द्रविणानि धेहि — एक वैदिक चिंतन

 
 


 
 
इन्द्र श्रेष्ठानि द्रविणानि धेहि चित्तिं दक्षस्य सुभगत्वमस्मे।
पोषं रयीणामरिष्टिं तनूनां स्वाद्मानं वाचः सुदिनत्वमह्नाम्॥
(ऋग्वेद 2/21/6)
 
स्वामी दयानन्द सरस्वती का भावार्थ
 
हे (इन्द्र) सभों के अधिपति के समान वर्तमान प्रभो! (अस्मे) हम लोगों के लिये (दक्षस्य) बल की (चित्तिम्) उस प्रकृति को, जिससे विद्या को इकट्ठा करते हैं, और (सुभगत्वम्) अत्युत्तम ऐश्वर्य, (पोषम्) पुष्टि तथा (रयीणाम्) धन और (तनूनाम्) शरीरों की (अरिष्टिम्) रक्षा, (वाचः) वाणी का बोध, (स्वाद्मानम्) स्वादिष्ट भोग, (अह्नाम्) दिनों का (सुदिनत्वम्) सुदिनपन, और (श्रेष्ठानि) धर्मयुक्त (द्रविणानि) धनों को (धेहि) धारण कीजिये॥६॥
 
 
१. इन्द्र श्रेष्ठानि द्रविणानि धेहि- श्रेष्ठ धन की प्रार्थना
 
ऋषि इन्द्र (परमैश्वर्यवान प्रभु) से प्रार्थना करते हैं,  हे प्रभो! हमें श्रेष्ठ धन प्रदान कीजिये। श्रेष्ठ धन का अर्थ है, पवित्र और धर्मपूर्वक अर्जित किया हुआ धन, न कि छल-कपट या शोषण से कमाया गया धन।

आधुनिक उदाहरण: आज के समय में भी वही व्यवसाय या आय दीर्घकाल में टिकती है, जो ईमानदारी और पारदर्शिता पर आधारित हो। जो कम्पनियाँ मिलावट, कर-चोरी या धोखाधड़ी से धन कमाती हैं, वे कुछ समय बाद कानून, बाज़ार या समाज के हाथों दण्डित होकर डूब जाती हैं।  जबकि ईमानदार व्यवसाय पीढ़ियों तक फलते-फूलते हैं। जैसे टाटा इत्यादि।
 
२. चित्तिं दक्षस्य-  बल के साथ विवेक

ऋषि प्रार्थना करते हैं,  हे प्रभो! हमें धन के साथ दक्षता, बल और उसका सदुपयोग करने का ज्ञान भी दीजिये। धन की रक्षा के लिए बल आवश्यक है, परन्तु बल का उपयोग कैसे करना है, यह विवेक भी उतना ही आवश्यक है।
 
आधुनिक उदाहरण: जिन देशों को तेल जैसे प्राकृतिक संसाधनों से अपार धन प्राप्त हुआ है, यदि वे इस धन का उपयोग केवल शस्त्रों की होड़ और युद्ध में करते हैं, तो यह विनाश का कारण बनता है। परन्तु वही धन जब शिक्षा, स्वास्थ्य और अवसंरचना के निर्माण में लगाया जाता है, तो राष्ट्र और समाज दोनों समृद्ध होते हैं। शक्ति के साथ विवेक न हो, तो शक्ति विनाशकारी बन जाती है।

३. सुभगत्वम् अस्मे: सौभाग्यकारी धन
 
ऋषि प्रार्थना करते हैं,  हे प्रभो! हमें प्राप्त धन सौभाग्य प्रदान करने वाला और सबके लिए मंगलकारी हो, केवल हमारे स्वार्थ तक सीमित न रहे।
 
आधुनिक उदाहरण: आज कई उद्योगपति और संस्थाएँ अपने लाभ का एक भाग शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा में लगाते हैं। ऐसा धन ही वास्तव में सौभाग्यकारी कहलाता है, क्योंकि वह देने वाले और समाज दोनों के लिए कल्याणकारी सिद्ध होता है। इसके विपरीत जो धन केवल संचय और दिखावे के लिए रखा जाता है, वह न व्यक्ति को सुख देता है, न समाज को।
 
४. पोषं रयीणाम्: धन की स्थायी वृद्धि

ऋषि प्रार्थना करते हैं,  हे प्रभो! हमारे जीवन में समृद्धि, स्थिरता और धन की निरंतर, क्रमिक वृद्धि हो।
 
आधुनिक उदाहरण: जो व्यक्ति अनुशासन के साथ नियमित बचत और निवेश करता है (जैसे मासिक SIP या दीर्घकालिक निवेश), उसकी सम्पत्ति धीरे-धीरे किन्तु स्थायी रूप से बढ़ती है। इसके विपरीत सट्टेबाज़ी या क्षणिक लाभ की होड़ में (जैसे अनियंत्रित शेयर या क्रिप्टो सट्टा) कमाया गया धन उतनी ही तेज़ी से नष्ट भी हो जाता है। वेद यहाँ स्थायी और क्रमिक पुष्टि की कामना करता है, आकस्मिक और अस्थिर लाभ की नहीं।
 
५. अरिष्टिं तनूनाम्: शरीर की सुरक्षा
 
ऋषि प्रार्थना करते हैं,  हे प्रभो! हमारे शरीर रोगों से सुरक्षित रहें, हम दीर्घायु और स्वस्थ बने रहें। जब हम धर्मपूर्वक अर्जित धन का उपयोग स्वयं और समाज के कल्याण के लिए करते हैं, तो इसके लिए स्वस्थ, निरोगी शरीर होना भी आवश्यक है। वेदों में भी कहा गया है कि हमारा शरीर वज्र के समान दृढ़ हो। संस्कृत की प्रसिद्ध उक्ति भी है- "शरीरमाद्यं खलु धर्मसाधनम्" अर्थात् शरीर ही धर्म-साधन का पहला आधार है। बिना निरोगी शरीर के मनुष्य कुछ भी सिद्ध नहीं कर सकता।
 
आधुनिक उदाहरण: आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में तनाव, अनियमित दिनचर्या और शारीरिक श्रम की कमी से मधुमेह, उच्च रक्तचाप जैसे रोग बढ़ रहे हैं। नियमित व्यायाम, योग और संतुलित आहार अपनाकर ही व्यक्ति उस स्वास्थ्य को बनाए रख सकता है, जो धन और सफलता का सच्चा उपभोग करने के लिए आवश्यक है  क्योंकि रुग्ण शरीर के साथ अपार धन भी निरर्थक है।
 
६. स्वाद्मानं वाचः  मधुर वाणी
 
ऋषि कहते हैं,  हे प्रभो! हमारी वाणी शीतल और मधुर हो। शीतल वाणी के अभाव में धन और बल भी स्थायी नहीं रहते। शस्त्र से लगे घाव भर जाते हैं, परन्तु कठोर वाणी से लगा घाव कभी नहीं भरता। महाभारत में द्रौपदी के एक कटु वचन ने ही सम्पूर्ण कौरव वंश के विनाश की नींव रख दी थी।  यह इतिहास इस बात का प्रमाण है कि वाणी की एक चूक कितना बड़ा विध्वंस कर सकती है।

आधुनिक उदाहरण: आज सोशल मीडिया पर कटु और आवेशपूर्ण भाषा, ट्रोलिंग और अपमानजनक टिप्पणियाँ परिवारों, मित्रताओं और यहाँ तक कि समाजों में भी गहरी दरार डाल देती हैं। एक असावधानीपूर्वक बोला गया या लिखा गया शब्द रिश्तों को हमेशा के लिए तोड़ सकता है, जबकि मधुर और संयत वाणी बड़े-बड़े विवादों को भी शांत कर देती है।
 
७. सुदिनत्वमह्नाम्:  शुभ और सार्थक दिन
 
ऋषि अन्त में प्रार्थना करते हैं, हे प्रभो! हमारे सभी दिन शुभ, सार्थक और सुखमय हों। यह प्रार्थना पिछली सभी कामनाओं का सार है। धर्मयुक्त धन, विवेकपूर्ण बल, सौभाग्य, स्थायी समृद्धि, स्वस्थ शरीर और मधुर वाणी,  जब ये सब एक साथ प्राप्त होते हैं, तभी मनुष्य के दिन वास्तव में "सुदिन" (शुभ दिन) कहलाते हैं।
 
आधुनिक उदाहरण: आज व्यक्ति भौतिक सफलता तो पा लेता है, पर मानसिक शांति और सार्थकता के अभाव में उसके दिन खाली-खाली लगते हैं। जीवन में सन्तुलन- काम, स्वास्थ्य, परिवार और आत्मिक शांति का सामंजस्य  ही किसी दिन को वास्तव में शुभ बनाता है।
 
 
यह ऋचा वस्तुतः एक सन्तुलित, सार्थक जीवन का सम्पूर्ण खाका प्रस्तुत करती है। ऋषि केवल धन नहीं माँगता, वह माँगता है धर्मपूर्वक अर्जित धन, उसे सम्भालने और सदुपयोग करने का विवेक, ऐसा धन जो सबके लिए मंगलकारी हो, उसकी स्थायी और क्रमिक वृद्धि, उसे भोगने के लिए स्वस्थ शरीर, सम्बन्धों को सहेजने वाली मधुर वाणी, और अन्ततः इन सबके परिणामस्वरूप सार्थक, शुभ दिन।
 
आज के भौतिकवादी युग में, जहाँ लोग तेज़ी से अमीर बनने, सत्ता पाने और सफलता दिखाने की होड़ में लगे हैं, यह मन्त्र एक सजग चेतावनी और मार्गदर्शन दोनों है  कि केवल धन-संग्रह पर्याप्त नहीं है। धन के साथ विवेक न हो तो वह विनाशकारी बनता है (जैसे संसाधन-सम्पन्न पर संघर्षग्रस्त देश), धन में सामाजिक भागीदारी न हो तो वह सौभाग्य नहीं बनता, स्वास्थ्य न हो तो धन निरर्थक है, और वाणी में मिठास न हो तो बना-बनाया सम्बन्ध और साम्राज्य भी क्षण भर में बिखर सकता है। यही इस वैदिक ऋचा की शाश्वत और आज भी उतनी ही प्रासंगिक शिक्षा है।
 

बुधवार, 1 अप्रैल 2026

वेदों के मोती: आत्म-पराजित राजा के लक्षण और परिणाम

 
अक्षद्रुग्धो राजन्यः पाप आत्मपराजितः।
स ब्राह्मणस्य गामद्यादद्य जीवानि मा श्वः ॥ (अथर्ववेद 5/18/2)
 
आचार्य बालकृष्ण के अनुसार जो राजा इंद्रियों के अधीन होकर आत्मा से हरा हुआ पापमार्ग में प्रवृत होता है, विद्वान ब्राह्मणों की वाणी पर प्रतिबंध लगा देता है। ऐसा राजा बेशक आज जीवित है पर भविष्य में नहीं रहेगा। उसका राज्य नष्ट हो जाएगा।
 
हमारी पाँचों ज्ञानेंद्रियाँ बाहरी जगत और हमारे मस्तिष्क के बीच एक सेतु (bridge) की तरह कार्य करती हैं, जिनके माध्यम से हमें संसार का बोध होता है। इनमें सबसे पहले चक्षु (आँख) आती है, जिसका मुख्य कार्य प्रकाश, रंग और आकार को देखकर 'रूप' का ज्ञान कराना है। इसके बाद श्रोत्र (कान) का स्थान है, जो आकाश तत्व के माध्यम से ध्वनि और शब्दों को ग्रहण कर हमें सुनने की शक्ति प्रदान करते हैं। घ्राण (नाक) के माध्यम से हम वायु में मौजूद सुगंध और दुर्गंध जैसी विभिन्न गंधों का अनुभव करते हैं। स्वाद के लिए हमारी रसना (जीभ) जिम्मेदार है, जो भोजन के रस और उसके विभिन्न प्रकार के स्वादों (मीठा, कड़वा, खट्टा) की पहचान करती है। अंत में स्पर्श (त्वचा) आती है, जो पूरे शरीर में व्याप्त है और हमें स्पर्श, तापमान (ठंडा-गरम), दबाव और दर्द का अहसास कराती है। ये पाँचों अंग मिलकर ही मनुष्य को बाहरी वातावरण के प्रति जागरूक और सक्रिय बनाए रखते हैं। हमारी इंद्रियाँ स्वाभाविक रूप से विषयों (Desires) की ओर भागती हैं। जब एक सज्जन व्यक्ति भी अपनी बुद्धि के बजाय केवल इंद्रियों के सुख को प्राथमिकता देने लगता है, तो असुर रूपी 'पाप' या 'विकार' उन इंद्रियों में प्रवेश कर जाते हैं। राजा तो सर्वशक्तिमान होता है।  जो राजा 'अक्षद्रुग्ध' (इंद्रियों के मोह में फंसा हुआ) है, वह अनिवार्य रूप से पाप मार्ग की ओर बढ़ता है।
 
जब एक शासक अपनी वासनाओं, अहंकार और भोग-विलास का दास बन जाता है, तो वह सबसे पहले 'विद्वान ब्राह्मणों' (सत्य बोलने वाले बुद्धिजीवियों और परामर्शदाताओं) की वाणी पर प्रतिबंध लगाता है। उसे आलोचना सहन नहीं होती और वह सत्य के स्थान पर चाटुकारिता को प्राथमिकता देने लगता है।
 
ऐसा राजा 'आत्म पराजित' है। उसने युद्ध के मैदान में भले ही शत्रुओं को जीत लिया हो, लेकिन वह अपने भीतर के 'असुरों' से हार चुका है। जब राजा की बुद्धि भ्रष्ट हो जाती है, तो वह प्रजा पर अत्याचार करने लगता है और हिंसा का मार्ग चुनता है। वेद कहता है कि ऐसा राजा आज भले ही जीवित दिखाई दे, लेकिन उसका भविष्य अंधकारमय है। वह 'आज' तो जी रहा है, पर 'कल' नहीं रहेगा, अर्थात उसका यश, पद और साम्राज्य काल के गाल में समा जाएंगे।
 
महाराज रावण इस विषय का सबसे बड़ा उदाहरण हैं। रावण महापंडित, वेदों का ज्ञाता और अजेय योद्धा था, किंतु वह अपनी इंद्रियों (काम और अहंकार) के अधीन हो गया। सीता माता के प्रति उसकी काम-वासना और अपने बल के मद ने उसकी विवेक-शक्ति को नष्ट कर दिया। परिणामस्वरूप, एक महान साम्राज्य और सोने की लंका का पूर्ण विनाश हो गया। राजा के कुकर्मों का फल जनता को भी भुगतना पड़ता है।
 
प्राचीन वैदिक ज्ञान और वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों का संगम हमें यह सिखाता है कि किसी भी राष्ट्र की नियति उसके शासक के आत्म-नियंत्रण पर टिकी होती है। आज के युग में खाड़ी युद्ध और मध्य-पूर्व के संघर्ष इस बात के जीवंत प्रमाण हैं कि जब सत्ता के शीर्ष पर बैठे व्यक्ति अपनी इंद्रियों के गुलाम बन जाते हैं, तो विनाश निश्चित होता है। तेल, संसाधनों का लोभ और विस्तारवाद का अहंकार उन्हे असुर बना देता है।   जब एक शासक अपनी वासनाओं और मद में चूर होकर अपनी ही प्रजा को युद्ध की आग में धकेल देता है, तो वह अथर्ववेद के शब्दों में 'आत्म पराजित' हो जाता है। ऐसा राजा स्वयं की आत्मा से हार चुका होता है, इसलिए वह न केवल अपने वर्तमान को खंडहर बना देता है, बल्कि अपने राष्ट्र के भविष्य को भी स्थायी अंधकार में डाल देता है।
 
इसके विपरीत, भारत जैसे राष्ट्र के लिए यह अत्यंत सौभाग्य की बात है कि उसका नेतृत्व इंद्रिय-दोषों से मुक्त और आत्म-संयमी है। जब शासक लोभ, मोह और निजी स्वार्थ से ऊपर उठकर उपनिषदों में वर्णित 'मुख्य प्राण' की तरह निष्काम भाव से कार्य करता है, तो राष्ट्र की ऊर्जा विनाशकारी युद्धों के बजाय विकास, तकनीक और जन-कल्याण में लगती है। इंद्रिय-जयी नेतृत्व न केवल कूटनीतिक स्तर पर देश का सम्मान बढ़ाता है, बल्कि आंतरिक रूप से भी समाज को स्थिरता प्रदान करता है। यही कारण है कि आज देश न केवल आर्थिक और सामाजिक रूप से निरंतर तरक्की कर रहा है, बल्कि प्रजा भी शांति, सुख और गौरव का अनुभव कर रही है।  सत्ता का रथ तभी सही दिशा में चलेगा जब उसके घोड़ों (इंद्रियों) की लगाम एक 'आत्म-विजयी' सारथी के हाथों में होगी।