सोमवार, 5 अक्टूबर 2026

आत्महत्या और मीडिया की जिम्मेदारी


मनुष्य का मन उसके आसपास के वातावरण से निरंतर प्रभावित होता है। हम जो देखते, सुनते और बार-बार पढ़ते हैं, वह धीरे-धीरे हमारे अवचेतन मन का हिस्सा बन जाता है। विशेष रूप से नकारात्मक घटनाओं का प्रभाव हमारे मानस पर बहुत गहरा होता है। यही कारण है कि हत्या, लूट, अपहरण, दुर्घटना और आत्महत्या जैसी खबरें लोगों का ध्यान तुरंत आकर्षित करती हैं। हम उन्हें रुचि और उत्सुकता से देखते हैं, दूसरों को बताते हैं और कई बार उन पर लंबे समय तक चर्चा भी करते हैं। लेकिन इस दौरान हम यह भूल जाते हैं कि ऐसी घटनाओं का बार-बार हमारे सामने आना हमारी मानसिक सेहत को गंभीर रूप से प्रभावित कर रहा है।
 
हाल ही में हुई कुछ आत्महत्या की घटनाओं के दौरान मैंने देखा कि एक ही खबर को दिनभर में कई बार और उसके वीडियो को कई दिनों तक दिखाया गया। एक सामान्य दर्शक के लिए यह केवल एक समाचार हो सकता है, परंतु मानसिक, पारिवारिक, सामाजिक या आर्थिक कारणों से निराश और अकेलेपन से जूझ रहे किसी व्यक्ति पर इसका अत्यंत नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। आत्महत्या के वीडियो या तरीके देखकर, अपनी समस्याओं का सामना करने के बजाय वह व्यक्ति भी मौत को ही एकमात्र विकल्प मान बैठने की भूल कर बैठता है।
 
इस दिशा में मीडिया को अत्यधिक संयम बरतने की आवश्यकता है। किसी भी दुर्घटना या आत्महत्या की आवश्यक और तथ्यात्मक जानकारी को संयमित भाषा में केवल एक बार प्रसारित किया जाना चाहिए; सनसनीखेज प्रस्तुति से पूरी तरह बचना चाहिए। किसी ने किस प्रकार आत्महत्या की, इसके विस्तृत विवरण और दृश्यों को बार-बार दिखाने की कोई आवश्यकता नहीं है। टीआरपी की अंधी दौड़ के लिए इस तरह की खबरों का दोहन बंद होना चाहिए। यदि इस विषय पर चर्चा अनिवार्य हो भी, तो उसका केंद्र-बिन्दु घटना का रोमांचक विवरण नहीं, बल्कि आत्महत्या की रोकथाम, मानसिक स्वास्थ्य और मदद के उपाय होने चाहिए।
 
ऐसी हर खबर के साथ यह स्पष्ट संदेश अवश्य दिया जाना चाहिए कि कठिन परिस्थितियाँ स्थायी नहीं होतीं तथा निराश व्यक्ति अपने परिवार, मित्रों, चिकित्सकों या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों से बेझिझक सहायता ले सकता है। अर्थात्, खबर के साथ केवल निराशा का अंधकार नहीं, बल्कि जीवन की संभावना और सहायता की किरण दिखाई जानी चाहिए।
मीडिया केवल समाज का दर्पण ही नहीं
, बल्कि समाज के मन को गढ़ने और प्रभावित करने वाली एक बड़ी शक्ति है। इसलिए उसे गंभीरता से यह विचार करना होगा कि किसी संवेदनशील खबर को कितनी बार और किस रूप में दिखाया जाना चाहिए। समाचार का उद्देश्य केवल यह बताना नहीं होना चाहिए कि किसी ने अपना जीवन क्यों खोया; बल्कि यह भी होना चाहिए कि कोई दूसरा व्यक्ति अपना जीवन न खोए। यही सच्ची और जिम्मेदार पत्रकारिता है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें