गुरुवार, 27 सितंबर 2018

कविता : कहाँ हुई गलती हमसे



(अल्पवयीन लड़कियों पर बलात्कार और उनकी घृणित हत्या. ऐसी घटनाएँ रोज हमारे  देश में क्यों हो रही है. आज का नौजवान  वासना के भंवर में क्यों डूब रहा है. कहाँ गलती हुई. अनेक प्रश्न मन में उठ रहे है.)

 
भरी दुपहरी में फैला क्यों
अमावस का अँधेरा आज.

किसने पैरों तले कुचल दी 
एक कमसिन कली आज.


माँ- बहनों के रिश्ते क्यों 
निरर्थक हो गए हैं आज.

ममता के कोख में क्यों 
पल रहे रक्त पिशाच आज.


वासना के भंवर में क्यों 
डूब रही जवानी आज.

कहाँ हुई गलती हमसे 
जो सजा भुगत रहे हैं आज. 


  

मंगलवार, 25 सितंबर 2018

मौत का इंतजार


जनकपुरी के 
 डिस्ट्रीक्ट पार्क में



चार 'बूढ़े'
   
पथराई आँखोंसे 
 कर रहे थे
इन्तजार मौत का.

लेकिन दिखावा 
"रमी" खेलने का.
 

बुधवार, 19 सितंबर 2018

हायकू: छह ऋतु (अर्थ के साथ)


हायकू जापानी काव्यविधा है. अधिकतम १७ शब्द और तीन पंक्तियों में भाव को समेटने की कला. हेमंत, वसंत, ग्रीष्म, श्रावण, शरद और शिशिर इन्ही छह ऋतुओं को   हायकू के माध्यम से व्यक्त करने का प्रयास किया है.

हेमंत ऋतु-  बर्फ पिघलने लगती है. रातें ठंडी है परन्तु संकट के बाहर निकलने की राह भी दिख रही है. ऐसे में भविष्य के नए सपने दिल में जगेंगे ही.  

सर्द रातो में 
हृदय में जगे 
सपने बसंतके.

वसंत ऋतु- जंगल में फूल महकने लगते हैं. भौंरे फूलोंपर मंडराने लगते है. नर कोयल भी मीठी आवाज में मादा को लुभाने लगता है. काम पीड़ित शरीर गंध बैचैन कर देती है.  

पलाश जले 
कोयल कूके 
देह महके.

ग्रीष्म:-  कामदेव ने भस्म होना ही है. दिल टूट जाते है. प्रेमी बिछड़ जाते है.ग्रीष्म इसी विरह का प्रतिक है. बिरहन की व्यथा मीरा से बढ़कर कौन जान सकता है. 

 परदेसी पिया 
बिरहन राती
व्यथा मीरा की.

वर्षा ऋतु: धरती और आकाश के मिलन की ऋतु. बरसात में  दोनों एकाकार हो जाते है. तन और मन से भी. सौतिया डाह से जली-भुनी  राधा देखती है, यमुना तट पर सभी कृष्ण सभी गोपियोंके साथ नृत्य कर रहा है. कौन गोपी-कौन कृष्ण. राधा सत्य को जान लेती है. प्रेम में द्वैत समाप्त हो जाता है.  

कृष्ण कदम्ब
कालिंदी कुञ्ज
 वर्षा प्यार की.

शरद ऋतु:  प्रेम सृजनशील है. धरती से लक्ष्मी प्रगट होती है. सुख सम्पन्नता चहुं ओर छा जाती है. हर मनुष्य सुखी सम्पन्न व ऐश्वर्शाली बनना चाहता है. सन्तति के माध्यम से अमर भी होना चाहता है.

शरद चांदनी  
अमृत बरसे 
ऐश्वर्यका.

शिशिर ऋतु: पेड़ोंसे पत्ते गिरने के दिन. हम मृत्यु को जीवन की समाप्त नहीं अपितु सम्पूर्णता मानते है.  "ॐ त्र्यम्बकम यजामहे सुगंधिम पुष्टि वर्धनम". यही भाव व्यक्त करने का प्रयास किया है. 
सुगंध फैला 
पक्व फलोंका 
पतझरी पत्तोंका.




मंगलवार, 18 सितंबर 2018

लघु कथा: पाताल लोक का सिक्का

राजा: "अपने कारीगरों से कहो, दुगने वजन के सिक्के बनाएं."

मंत्री: "महाराज, अपने कारीगर दुगने वजन का सिक्का बनाना नहीं जानते. 

राजा:  "नहीं जानते क्या मतलब, उन्हें पाताल लोक भेजो वजनी सिक्के बनाने का प्रशिक्षण लेने के लिए." 

कारीगर पाताल लोक गए, वजनी सिक्के बनाने का प्रशिक्षण लेकर वापस लौटे.  राजाने उन्हें पाताल लोक के सिक्कों से भी दुगने वजन के सिक्के बनाने को कहा.  

कारीगरोंके बनाये नए सिक्के देख राजाने सर पर हाथ मार लिया. 

अब उन्हें पाताल देश के एक सिक्के के बदले चार सिक्के देने पड़ते हैं.

जो इस कहानी के अर्थ को समझेगा, वही सच्चा अर्थतज्ञ?


टिप: कारीगरोंने पाताल लोक जाकर, वहांके सिक्के बनाने का प्रशिक्षण प्राप्त किया था.